बारां शहर के सदर थाना क्षेत्र में बामला स्थित एक शराब की दुकान पर सोमवार देर रात बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने दुकान के सेल्समैनों के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ की और नकदी लूटकर फरार हो गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सदर थाना एएसआई अब्दुल फरीद ने बताया कि सरोला निवासी धनराज रेबारी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार धनराज और उनके साथी भागीरथ रेबारी बामला स्थित ऋतुराज सिंह हाड़ा के शराब ठेके पर काम करते हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे दोनों सेल्समैन दुकान के बाहर बैठे थे। तभी प्रेम सिंह हाड़ा, हिम्मत सिंह हाड़ा, यशू रहलाई सहित 4-5 अन्य लोग लाठी, डंडे और गंडासे जैसे हथियारों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और दोनों कर्मचारियों पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों सेल्समैन घायल हो गए और जान बचाने के लिए वहां से भागे। इसके बाद बदमाशों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे, लाइट और अन्य सामान में तोड़फोड़ की। रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने दुकान के अंदर भी काफी नुकसान पहुंचाया और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। कर्मचारियों ने फोन पर दुकान मालिक ऋतुराज सिंह हाड़ा को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सदर थाने में मामला दर्ज कराया गया। एएसआई ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।