बारां की कृषि उपज मंडी में फसलों की भारी आवक से व्यवस्था पर असर पड़ा है। मंगलवार को मक्का के करीब ढाई लाख कट्टों की रिकॉर्ड आवक हुई। इससे मंडी के शेड, प्लेटफॉर्म, सड़कें और चौक मक्का के ढेर से भर गए। मंडी में पहले से करीब डेढ़ लाख कट्टे माल डंप था। आवक ज्यादा और उठाव धीमा होने से नई उपज रखने की जगह नहीं बची। लेबर की कमी के कारण माल का उठाव तेजी से नहीं हो पा रहा है। जगह की समस्या को देखते हुए मंडी प्रशासन ने बुधवार को सभी कृषि जिंसों की नीलामी बंद रखने का फैसला किया है। इस दौरान पड़े माल का उठाव किया जाएगा। व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि गुरुवार को मक्का छोड़कर धान सहित अन्य जिंसों की नीलामी होगी।