बारां शहर की कृषि उपज मंडी के एक गोदाम में रविवार तड़के आग लग गई। गोदाम में बारदाना भरा हुआ था और ग्रेडिंग प्लांट भी चल रहा था। आग शॉर्ट सर्किट से लगी, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं और धुआं दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची। काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से व्यापारी विष्णु कुमार के गोदाम में रखा बारदाना जल गया। ग्रेडिंग मशीनों और कुछ जिंस को भी नुकसान हुआ है। सहायक अग्निशमन अधिकारी रामसिंह मीणा ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। दमकल के समय पर पहुंचने से बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल, आग से हुए नुकसान का पता लगाया जा रहा है।