बारां में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे और चौथे चरण के लिए ईवीएम का पहला रेंडमाइजेशन रविवार को पूरा हुआ। यह प्रक्रिया जिला परिषद और पंचायत समिति के आम चुनाव के लिए की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर बालमुकुंद असावा की मौजूदगी में मिनी सचिवालय के सभागार में एनआईसी की डीआईओ पूनम पाटनी ने कंप्यूटर सॉफ्टवेयर से रेंडमाइजेशन किया। जिले की 280 ग्राम पंचायतों के 886 मतदान केंद्रों के लिए कुल 2043 ईवीएम मशीनें तय की गईं। इनमें नाहरगढ़ में 127, किशनगंज में 180, केलवाड़ा में 164, शाहबाद में 173, मांगरोल में 141, अंता में 180, अटरू में 263, छीपाबड़ौद में 357, छबड़ा में 244 और बारां में 214 ईवीएम इस्तेमाल होंगी। इस बैठक में चुनाव समन्वयक हीरालाल वर्मा, तहसीलदार अशोक जैन और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हुई।