बारां में पंचायती राज चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को बुधवार को ट्रेनिंग दी गई। यह प्रशिक्षण मेलखेड़ी के सिटी टाउन हॉल में हुआ। अधिकारियों को उनके काम और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। ट्रेनिंग में कहा गया कि जोनल मजिस्ट्रेट किसी भी मुश्किल हालात को संभालने में सक्षम होते हैं। इसलिए चुनाव के दौरान फील्ड में लगातार घूमकर स्थिति पर कड़ी नजर रखें। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए अधिकारियों को आम लोगों से फीडबैक लेने के निर्देश मिले। शराब, पैसे, कीमती सामान बांटने, अवैध गतिविधियों और आचार संहिता के उल्लंघन पर खास नजर रखने को कहा गया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई कर बड़े अधिकारियों को सूचना दें। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवेन्द्र प्रताप ने भी अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सजगता, सतर्कता और कुशलता से अपनी चुनाव ड्यूटी निभाएं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।