आगामी त्योहारों और चुनावों के मद्देनजर बारां पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में ड्रोन कैमरों से निगरानी शुरू की गई है। पुलिस ड्रोन के जरिए मुख्य मार्गों, संवेदनशील इलाकों और घरों की छतों पर नजर रख रही है, ताकि कहीं पत्थर, ईंट या अन्य आपत्तिजनक सामान एकत्र नहीं किया गया हो। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आसमान में ड्रोन दिखाई देने पर लोग घबराएं नहीं, यह सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। साथ ही आमजन से शांति बनाए रखने और घरों की छतें साफ रखने की अपील की गई है। प्रताप चौक से श्रीराम स्टेडियम तक तय किया रूट पुलिस ने ड्रोन कैमरों की निगरानी के लिए विशेष रूट निर्धारित किया है। इसके तहत ड्रोन प्रताप चौक से उड़ान भरकर मांगरोल रोड, गोपाल कॉलोनी, पवन मेटल, स्वामी विवेकानंद स्कूल, सिविल लाइन, तेल फैक्ट्री, शाहाबाद रोड और अटरू रोड सहित प्रमुख मार्गों व संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरेगा। निगरानी पूरी करने के बाद ड्रोन श्रीराम स्टेडियम वापस पहुंचेगा। इस व्यवस्था के जरिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। छतों पर पत्थर-ईंट तो जमा नहीं, इस पर नजर ड्रोन कैमरों से विशेष रूप से घरों की छतों की निगरानी की जा रही है। पुलिस यह देख रही है कि कहीं किसी छत पर पत्थर, ईंट या अन्य आपत्तिजनक सामान तो इकट्ठा नहीं किया गया है। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोकना और त्योहारों व चुनावों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस की अपील- शांति बनाए रखें, छतें साफ रखें पुलिस प्रशासन ने आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ड्रोन से निगरानी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए की जा रही है। ऐसे में आसमान में ड्रोन देखकर घबराने की जरूरत नहीं है। लोगों से अपनी छतों को साफ रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है।