बारां पुलिस की साइबर सेल ने गुम और चोरी हुए 225 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 56 लाख 25 हजार रुपए है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मोबाइल स्वामियों को उनके फोन लौटाए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी जगदीश चंद्र शर्मा और उनकी टीम को जिले में खोए और चोरी हुए मोबाइल ट्रेस करने की जिम्मेदारी दी गई थी। टीम ने लगातार तकनीकी प्रयासों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। जांच के दौरान ये मोबाइल उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, बिहार, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और राजस्थान सहित 11 राज्यों के विभिन्न जिलों से वापस मंगवाए गए। साइबर सेल की सक्रियता के कारण वर्ष 2024 से अब तक कुल 1431 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए है। इस बरामदगी में साइबर सेल प्रभारी जगदीश चंद्र शर्मा, कॉन्स्टेबल राजेश, प्रकाश चौधरी, मनदीप, रामकिशोर और मनीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है। साइबर सेल प्रभारी जगदीश चंद्र शर्मा ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाने या राजस्थान पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर गुमशुदगी दर्ज कराएं। इसके बाद CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक करें। नया सिम या डिवाइस एक्टिव होने पर अलर्ट मिलने के बाद संबंधित थाने से संपर्क कर मोबाइल बरामद कराया जा सकता है। मोबाइल मिलने के बाद CEIR पोर्टल पर जाकर उसे अनब्लॉक भी किया जा सकता है।