बारां के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में रविवार को स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर लगाया गया। यह शिविर के. के. बिरला मेमोरियल सोसायटी और हुमाना पीपुल टू पीपल इंडिया के आरोग्य प्रोजेक्ट के तहत सीएफसीएल गड़ेपान के सहयोग से हुआ। स्वास्थ्य शिविर में सामान्य बीमारियों के विशेषज्ञ डॉ. अरुण पत्ररथ और डॉ. शशांक शर्मा ने 203 छात्र-छात्राओं की जांच की। परियोजना अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि आरोग्य प्रोजेक्ट शिक्षण संस्थानों में ऐसे शिविर लगाता रहता है। कार्यकर्ताओं महेश, स्वाति, हंसीता और देवकिशन वर्मा ने छात्रों को योगा और मेंटल हेल्थ के बारे में बताया। उन्होंने जानकारी दी कि योग, ध्यान और सांस लेने के व्यायाम तनाव कम करते हैं और एकाग्रता बढ़ाते हैं। कोटा ब्लड बैंक सोसायटी और सीएफसीएल के सहयोग से लगे रक्तदान शिविर में 20 यूनिट रक्त जमा हुआ। डॉ. पीएस झा और उनकी टीम ने रक्त संग्रह किया। प्राचार्य अख्तर जेनम ने रक्तदान को सामाजिक कार्य बताया। इस दौरान सीएफसीएल से देवेंद्र राघव भी मौजूद थे।