बारां जिले में विभिन्न लोक अभियोजक ऑफिसों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रिक्त पदों पर संविदा सेवा के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 19 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया विधि एवं विधिक कार्य विभाग, राजकीय वादकरण शासन सचिव, जयपुर की स्वीकृति के अनुसार शुरू की गई है। ये रिक्तियां लोक अभियोजक बारां, अपर लोक अभियोजक कार्यालय बारां संख्या 1 व 2, विशिष्ट लोक अभियोजक (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012) संख्या 1 व 2, विशिष्ट लोक अभियोजक (अजा व अजजा) बारां और अपर लोक अभियोजक अटरू व छबड़ा के कार्यालयों में हैं। संविदा सेवा कार्मिक विभाग के 28 मार्च 2023 के परिपत्र में निर्धारित शर्तों पर आधारित होगी। यह अनुबंध 28 फरवरी 2027 तक या नियमित कार्मिक उपलब्ध होने तक, जो भी पहले हो, के लिए मान्य होगा। इन पदों पर 65 वर्ष से कम आयु के राज्य सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारी ही आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे शारीरिक और चिकित्सकीय रूप से उपयुक्त हों। आवेदन निर्धारित प्रपत्र में संबंधित कार्यालयों, अधीनस्थ उपखण्ड अधिकारी कार्यालयों या तहसीलदार कार्यालयों से प्राप्त किए जा सकते हैं। विधिवत भरे हुए आवेदन के साथ सेवानिवृत्ति के समय के वेतन भत्तों से संबंधित विभागाध्यक्ष का प्रमाण पत्र, सेवानिवृत्ति आदेश की प्रति, एलपीसी की प्रति और पीपीओ की प्रमाणित छाया प्रति संलग्न करना अनिवार्य है।