बारां के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बड़ा में 'योगा फॉर नशा मुक्त युवा' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका आयोजन मेरा युवा भारत केंद्र, बाड़मेर और युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने मिलकर किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई। प्रिंसिपल निरंजन शर्मा ने युवाओं को नशे के नुकसान बताए। उन्होंने कहा कि नशा शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य दोनों खराब करता है। शर्मा ने छात्रों से नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने को कहा, जिससे तनाव कम होगा और सकारात्मक सोच बढ़ेगी। माय भारत युवा स्वयंसेवक कुणाल सुमन ने योग का वैज्ञानिक महत्व समझाया। दिनेश सुमन ने छात्रों से माय भारत प्लेटफॉर्म से जुड़कर नशा मुक्ति के लिए जागरूकता फैलाने को कहा। योग प्रशिक्षक शुभम ने छात्रों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और कपालभाति जैसे योगासन सिखाए। अंत में, वाइस प्रिंसिपल ने सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।