बारां में राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड की ओर से मृदुल भवन में फ्लॉक लीडर, गाइड कैप्टन और रेंजर लीडर बेसिक कोर्स का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में अध्यापिकाओं को बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए तैयार किया जा रहा है। शिविर के चौथे दिन जिला संगठन आयुक्त एवं गाइड कैप्टन बेसिक कोर्स की संचालक सुनीता मीणा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को गाइडिंग के सिद्धांत और नियम बताते हुए कहा कि स्काउट गाइड संगठन बालिकाओं का शारीरिक, मानसिक, चारित्रिक और आध्यात्मिक विकास करता है। यह उन्हें आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ देश और समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार करता है। 10 साल की बेटियों को संस्कारवान बनाने का प्रशिक्षण फ्लॉक लीडर बेसिक कोर्स की संचालिका विमला सिंघवी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही अध्यापिकाओं को 5 से 10 वर्ष की बालिकाओं को खेल-खेल में शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार कर संस्कारवान बनाने का प्रशिक्षण दिया। आंदोलन का इतिहास, संगठन और टोली गठन की दी जानकारी सहायक लीडर ट्रेनर आराधना सिंह ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को आंदोलन का इतिहास, संगठन और टोली गठन के बारे में जानकारी दी। वहीं, रेंजर लीडर बेसिक कोर्स की संचालिका निर्मला माथुर ने नियम-प्रतिज्ञा समझाते हुए अध्यापिकाओं से अपने-अपने विद्यालयों में बालिकाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। जिला संगठन आयुक्त गाइड सुनीता मीणा ने बताया कि शिविर में सुरभि खंडेलवाल, पूनम सिंह, पूनम गौतम, निर्मला सिंह, प्रमिला, चंचल हेमलता और भेरूलाल वर्मा प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। आराधना सिंह ने यह भी बताया कि शिविर में एडवेंचर, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, हाइकिंग के साथ-साथ प्राथमिक सहायता और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।