बारां जिले में सोमवार को खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं ने अपने प्रतिष्ठान दिनभर बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी आह्वान पर विक्रेताओं ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन कार्यवाहक जिला कलेक्टर को सौंपा। यह ज्ञापन जिलाध्यक्ष भीमराज चौधरी के नेतृत्व में दिया गया। इस दौरान संगठन के सुनील गुप्ता, मनोज ड्रोलिया, राकेश गोयल और संदीप नागर सहित कई विक्रेता मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी बृजमोहन मेहता ने बताया कि जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर भी इसी तरह के ज्ञापन सौंपे गए। प्रदर्शन के दौरान जिलेभर के कृषि आदान संघ से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। मांगें नहीं मानने पर तेज होगा आंदोलन विक्रेताओं ने बताया कि मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।