बारां शहर के तेलफैक्ट्री इलाके में सोमवार शाम एक 95 साल के बुजुर्ग ने अपने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान तेलफैक्ट्री पटेल चौक निवासी राधाकिशन ओझा के रूप में हुई है। घटना के समय परिजन रिश्तेदारों के यहां पूजा कार्यक्रम में गए थे और बुजुर्ग घर पर अकेले थे। जब परिजन घर लौटे, तब उन्हें घटना का पता चला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से मना करते हुए पोस्टमॉर्टम नहीं करवाने की लिखित रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।