जयपुर डिस्कॉम के धौलपुर एसई विवेक शर्मा ने बाड़ी और सरमथुरा एईएन कार्यालयों में विशेष जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं को सुना गया। जनसुनवाई में कुल 85 मामले सामने आए, जिनमें से 62 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए 7 दिन का समय निर्धारित किया गया है। बिलों में गड़बड़ी की शिकायतें भी आई जनसुनवाई में बिजली बिलों से जुड़े 24 प्रकरण, वीसीआर के 55 मामले और 6 अन्य विद्युत संबंधी शिकायतें शामिल थीं। कटे हुए और नियमित बिजली उपभोक्ता भी बिलों में गड़बड़ी की शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने रिकॉर्ड के आधार पर सुनवाई कर कई उपभोक्ताओं के बिल संशोधित किए, जिसके बाद संबंधित उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कराई। एसई विवेक शर्मा ने बताया कि 38 नए और पुराने कटे हुए उपभोक्ताओं द्वारा बकाया राशि और लंबित वीसीआर जमा कराने से डिस्कॉम को लगभग 6 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य प्राप्त करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार की विशेष जनसुनवाई आयोजित की जा रही हैं।