बाड़मेर में हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में सात लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि एक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और एक व्यक्ति दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने में ग्रामीणों, सेना के जवानों और पुलिस को करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को पहले शिव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बाड़मेर रेफर कर दिया गया। हादसा खोडाल गांव के पास एनएच-68 पर सोमवार शाम को हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार एक कार बाड़मेर से जैसलमेर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार सामने से आ रही थी। खोडाल गांव के पास दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और सेना के जवानों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला। एक व्यक्ति दोनों कारों के बीच बुरी तरह फंस गया था, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। हालांकि उसके सिर में चोट नहीं लगी। एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन हादसे के बाद कार में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास किए गए। बाहर निकालने के बाद उसे 108 एम्बुलेंस से शिव अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर कर दिया गया। ये लोग हुए घायल पुलिस के अनुसार हादसे में संजोली (दाहोद) निवासी सुरेश भाई पुत्र दिलीप भाई, लालपुर (जामनगर) निवासी प्रताप पुत्र बाबूभाई, भानडोई (पंचमहल) निवासी विकास भाई पुत्र मना भाई, प्रतापपुरा चामरिया निवासी रमन भाई पुत्र धना भाई, लालपुर निवासी जुम्मा भाई पुत्र मोती भाई, मैलकपुर निवासी किशौरी भाई पुत्र रमन भाई तथा एक महिला घायल हुई। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर किया गया।