बाड़मेर शहर में बुधवार चौहटन सर्किल पर सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कार में कोई मौजूद नहीं था। लोगों ने बताया कि ड्राइवर कार खड़ी करके कुछ देर पहले ही गया था। तस्वीरों में देखें कार में लगी आग… गन्ने के कचरे की आग कार तक पहुंची प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र सारण ने बताया- मेरी चौहटन रोड पर चाय की थड़ी है। यहां खड़ी कार से अचानक धुआं निकलने लगा। पास जाकर देखा तो कार में आग लगी हुई थी। मैंने तुरंत फायर बिग्रेड और पुलिस को सूचना दी। फायर बिग्रेड 10 मिनट में पहुंची तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। गन्ने का कचरा कार के पास ही पड़ा था। ऐसा लगता है कि चलती गाड़ी से किसी ने बीड़ी या सिगरेट पीकर फेंकी होगी जिससे पहले कचरे में आग लगी जो धीरे–धीरे कार तक पहुंच गई। मालिक बोला- फोन आया कार जल गई कार मालिक सुरेश ने बताया- मैं आज सुबह ही चौहटन से बाड़मेर आया था। कार को सड़क किनारे खड़ी करके गया था। कुछ ही देर बाद फोन आया कि कार में आग लग गई है। मैं जब तक पहुंचा कार पूरी तरह से जल चुकी थी। आग कैसे लगी इसकी जानकारी मुझे नहीं है। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं लगी है। संभव है कचरे से आग कार तक पहुंची हो। कोई जनहानि नहीं हुई है।