खेत की तारबंदी पर बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से पूरे खेत में करंट फैल गया। भेड़-बकरियों को बचाने के लिए दौड़े पति-पत्नी लोहे जाल के टच होत ही करंट की चपेट में आ गए। दोनों पशुओं के बाड़े में गिर पड़े। दोनों ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। 14 बकरियों-भेड़ की मौत हो गई। तीन बच्चे अनाथ हो गए। ग्रामीणों ने बताया- गिलहरी के बैठने से स्पार्किंग हुई, जिससे बिजली का तार टूटकर गिर गया। घटना 22 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे नागाणा थाना क्षेत्र के जांदूओं की ढाणी गांव में हुई। बिजली लाइन का तार टूटा, खेत की तारबंदी में फैला करंट नागाणा थानाधिकारी दिनेश ने बताया- खिंपसर जीएसएस से निकलने वाली 11 केवी बिजली लाइन जांदूओं की ढाणी गांव से गुजर रही थी। ये लाइन रावताराम (45) के खेत में से गुजर रही थी। 22 अक्टूबर को रावताराम अपनी पत्नी वीरोंदेवी (41) के साथ खेत में काम कर रहे थे। इस दौरान सुबह करीब 10 बजे खेत की तारबंदी पर बिजली लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे करंट पूरे खेत में फैल गया। खेत से करीब 700 मीटर दूर पशुओं का बाड़ा भी इसी तारबंदी से जुड़ा हुआ था। भेड़-बकरियों को बचाने दौड़े पति-पत्नी भी झुलसे खेत की तारबंदी में करंट फैलने से बाड़े में खड़ी बकरियां और भेड़ें भी करंट की चपेट में आ गईं। पशुओं को बचाने के लिए दौड़े पति-पत्नी जाल को टच करते ही करंट की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों भेड़-बकरियों के बाड़े में ही तड़प तड़पकर दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है मौके पर गिलहरी के बैठने से स्पार्किंग हुई थी, जो मौके पर मरी हुई मिली है। डिस्कॉम की ओर से बिजली लाइनों का समय पर मेंटेनेंस नहीं किया जाता। बिजली के पोल के बीच तार ढीले लटके रहते हैं और उनमें अक्सर फॉल्ट आ जाता है। धरने पर बैठे लोग, बोले-डिस्कॉम मेंटनेंस नहीं करता घटना से आक्रोशित लोग डिस्कॉम अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर ही धरने पर बैठ गए। सूचना पर डिस्कॉम के एसई अशोक कुमार मीणा, एसडीएम भवानीसिंह समेत प्रशासन और डिस्कॉम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और समाज के लोगों से बातचीत की। मदद के आश्वासन पी परिजन और समाज के लोग मान गए। लाइनमैन बोला-सूचना पर सप्लाई बंद कर दी थी नागाणा थानाधिकारी दिनेश ने बताया - आपसी सहमति बनने के बाद मृतक दंपती के शव बाटाडू हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। करंट लगने से मृतकों के शरीर पर करंट बाहर निकलने के निशान नहीं बने, जिससे करंट शरीर के अंदर ही रह गया। परिजनों ने करंट लगने से मौत होने की रिपोर्ट दी है। पुलिस बिजली का तार टूटने के कारणों की जांच कर रही है। लाइनमैन लक्ष्मण ने बताया - बिजली का तार टूटने की सूचना मिलते ही उन्होंने बिजली सप्लाई बंद करवा दी थी। उनका अंदेशा है कि तार पर पक्षी या गिलहरी के बैठने से स्पार्किंग हुई होगी, जिससे तार टूट गया। हादसे में रावताराम (45) और उनकी पत्नी वीरोंदेवी (41) की मौत के बाद दो बेटे हरजीराम (22), विष्णा राम (20) और एक बेटी साजियों (18) अनाथ हो गए। --- हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें … पशुओं को मरते देख बचाने पहुंचे पति-पत्नी की मौत:खेत में टूटकर गिरा हाईटेंशन लाइन का तार, ग्रामीणों का आरोप- जीएसएस पर नहीं थे कर्मचारी बाड़मेर जिले में खेत में हाईटेंशन लाइन गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर मवेशियों के बाड़े पर गिर गया। मवेशी करंट से झुलसते देख खेत मालिक और उसकी पत्नी बचाने पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर…