बाड़मेर नगर परिषद के एक कर्मचारी द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने फाइनेंसरों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। ट्रेन के आगे कूदकर दी जान जानकारी के अनुसार सोमवार को जोधपुर से बाड़मेर आ रही पैसेंजर ट्रेन के आगे बापू कॉलोनी निवासी गौरीशंकर (39) पुत्र किशोरीलाल ने छलांग लगा दी। हादसे के बाद उनका शव रेलवे ट्रैक के पास बने नाले के कीचड़ में जा गिरा। घटना की सूचना मिलने पर ट्रेन को रोका गया, लेकिन शुरुआत में युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। तलाश के दौरान नाले से शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों ने फाइनेंसरों पर लगाए आरोप मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गौरीशंकर ने कुछ लोगों से उधार ले रखा था और फाइनेंसर लगातार उस पर ब्याज का दबाव बना रहे थे। उनका कहना है कि अत्यधिक मानसिक प्रताड़ना के कारण उसने यह कदम उठाया। मामले को लेकर परिजन और समाज के लोग मंगलवार को मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। कॉल डिटेल और बैंक खातों की जांच की मांग समाज के नेता उदाराम मेघवाल ने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ परिजनों ने आरोप लगाए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप चैट और बैंक खातों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मृतक को प्रताड़ित किया गया है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने ब्याज पर ब्याज लगाकर मृतक को लगातार परेशान किया, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने अमरसिंह, पृथ्वीसिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों से लगातार समझाइश की जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई पर निर्णय परिजनों की सहमति के बाद किया जाएगा। ………… इससे जुड़ी खबर पढ़े… ट्रेन की चपेट में आने से सफाई कर्मचारी की मौत:नाले में पड़ा मिला शव; भाई बोला- फाइनेंसरों से परेशान था बाड़मेर शहर में सोमवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास नाले के कीचड़ में जा गिरा। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। (पढ़े पूरी खबर)