बाड़मेर में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में जिला परिषद के 23 वार्ड और 10 पंचायत समितियों के 158 वार्डों के लिए मतदान हुआ। कुल 6,79,380 मतदाताओं में से 4,68,842 ने अपना वोट दिया। इस दौरान कुल 69.01% मतदान हुआ। सबसे ज्यादा वोटिंग मांगता में 79.84% और सबसे कम चौहटन पंचायत समिति में 64.19% हुई। जिला परिषद के वार्ड संख्या 4 में भाजपा का नामांकन पत्र खारिज होने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। वहीं, गडरारोड और फागलिया पंचायत समितियों में भाजपा के एक-एक प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। दरअसल, बाड़मेर जिले में जिला परिषद के 37 सदस्य और 17 पंचायत समितियों के 269 सदस्य चुने जाने हैं। जिले में 418 सरपंचों के लिए 23 अक्टूबर को नामांकन और 24 अक्टूबर को मतदान होगा। इसी दिन परिणाम आने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को दूसरे चरण का मतदान दूसरे चरण में बचे हुए 13 जिला परिषद सदस्यों और 109 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके बाद 29 अक्टूबर को 207 सरपंचों के लिए नामांकन और 30 अक्टूबर को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने बताया- पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत पहले चरण में जिला परिषद सदस्यों और 10 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो गया। उन्होंने बताया कि कुल 6,79,380 मतदाताओं में से 4,68,842 मतदाताओं ने वोट डाले। कुल मतदान प्रतिशत 69.01 रहा। जिला परिषद के वार्ड 4 में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित बाड़मेर जिला परिषद में भाजपा का एक और कांग्रेस के दो नामांकन पत्र खारिज हुए। वार्ड संख्या 4 से कांग्रेस प्रत्याशी शेर मोहम्मद निर्विरोध निर्वाचित हो गए। वहीं, वार्ड संख्या 6 और 35 में कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज हुए। हालांकि, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने के कारण इन वार्डों में चुनाव हुए। पंचायत समिति गडरारोड के वार्ड संख्या 5 से भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल पुत्र टीकमा राम और फागलिया पंचायत समिति के वार्ड संख्या 2 से भाजपा प्रत्याशी गुलबा राम निर्विरोध निर्वाचित हुए। यहां कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज हो गए थे।। 158 वार्डों के लिए 467 प्रत्याशी मैदान में बायतु, आडेल, फागलिया, मांगता, सेड़वा और लीलसर में 15-15 वार्ड, गडरारोड, रामसर और धनाऊ में 17-17 वार्ड और चौहटन में 19 वार्ड हैं। इस तरह 10 पंचायत समितियों में कुल 160 निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए थे। इनमें से दो वार्डों में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। बचे हुए वार्डों में बायतु में 48, गडरारोड में 37, मांगता में 45, चौहटन में 58, लीलसर में 45, रामसर में 51, धनाऊ में 58, सेड़वा में 38, फागलिया में 41 और आडेल में 46 प्रत्याशी मैदान में हैं