मारवाड़ क्षेत्र में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित पचपदरा रैली को लेकर आसोप मंडल में तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं और व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। आसोप मंडल अध्यक्ष मधुसूदन सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टीमों ने रजलानी, रामनगर सहित आसपास के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर पारंपरिक तरीके से पीले चावल भेंट कर रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। मधुसूदन सोनी ने बताया कि पचपदरा में स्थापित होने वाली यह रिफाइनरी मारवाड़ क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई। उन्होंने रिफाइनरी से मिलने वाले प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभों के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर महामंत्री संजय बनता, उपाध्यक्ष नेनाराम देवड़ा, कुलदीप सैन, श्यामलाल सुथार, मांगीलाल गोदारा और युवा मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र खुड़खुडिया सहित कई पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। आसोप मंडल में चल रहा यह अभियान आगामी 21 अप्रैल को पचपदरा में होने वाले इस कार्यक्रम के महत्व को दर्शाता है। यह आयोजन न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास के नए आयाम भी स्थापित करेगा।