बाड़मेर शहर के शास्त्री नगर अंडरपास के पास सोमवार शाम करीब 7 बजे एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसका दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस के जरिए बाड़मेर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया। मुनाबाव- बाड़मेर पैसेंजर ट्रेन से हुआ हादसा जीआरपी पुलिस के अनुसार मुनाबाव से बाड़मेर आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में युवक आया। हादसा शास्त्री नगर अंडरपास के पास हुआ, जहां वह अचानक ट्रेन के सामने आ गया। शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा हेड कॉन्स्टेबल चुन्नीलाल ने बताया - घायल युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसकी शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर फोटो जारी किए हैं, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।