भीलवाड़ा में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) चुनाव के लिए सुबह 8 बजे मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर वकीलों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। यहां चार प्रत्याशियों के लिए कुल 2170 वकील अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली। प्रदेश में बीसीआर चुनाव, 84 हजार से अधिक वकील कर रहे मतदान प्रदेश में वकीलों की सबसे बड़ी संस्था बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चुनाव बुधवार को हो रहे हैं। करीब तीन साल की देरी से 8 साल बाद हो रहे इस चुनाव में 23 पदों के लिए 234 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके लिए प्रदेश के 84 हजार 247 एडवोकेट मतदान कर रहे हैं। मतदान के बाद मतपेटियां जिला जज के पास, फिर जोधपुर भेजी जाएंगी मतदान पूरा होने के बाद सभी मतपेटियां जिला न्यायाधीश के पास जमा करवाई जाएंगी। इसके बाद इन्हें पुलिस सुरक्षा में अगले दिन जोधपुर भेजा जाएगा, जहां 29 अप्रैल से मतगणना शुरू होगी। वरीयता प्रणाली से हो रहा मतदान, 1 से 23 तक देनी होगी पसंद इस चुनाव में वकील बार सदस्य के लिए वरीयता प्रणाली से मतदान कर रहे हैं। मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार के सामने 1 अंक लिखेंगे और इसी तरह 1 से 23 तक वरीयता के अनुसार वोट दर्ज किए जाएंगे। कम से कम एक और अधिकतम 23 वरीयता देना अनिवार्य है। भीलवाड़ा से ये प्रत्याशी मैदान में भीलवाड़ा से सुरेश श्रीमाली, नीरज गुर्जर, रामपाल शर्मा और गोपाल सोनी प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं। सख्त नियमों और सुरक्षा के बीच मतदान इस बार चुनाव में नियमों की सख्ती से पालना कराई जा रही है। मतदान शुरू होने से 36 घंटे पहले प्रचार बंद कर दिया गया था। मतदान केंद्र में केवल अधिकृत मतदाता ही प्रवेश कर सकते हैं। मोबाइल, कैमरा, स्कैनर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। 200 गज के दायरे में किसी भी तरह का प्रचार प्रतिबंधित निर्वाचन आचार संहिता के तहत मतदान केंद्र के 200 गज के दायरे में किसी भी प्रकार का प्रचार प्रतिबंधित है। प्रत्याशी और उनके समर्थक न तो वोट मांग सकते हैं, न पर्चे बांट सकते हैं, न ही नारे या बैनर का उपयोग कर सकते हैं। मतदाताओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर भी रोक लागू है।