'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान जारी है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा दल ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान मूंगफली तेल का नमूना लेकर 450 किलो तेल सीज किया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली एक शिकायत के आधार पर की गई। पुलिस थाना सिटी की मौजूदगी में अरोड़ा ट्रांसपोर्ट पर जांच की गई। जांच के दौरान 'स्वास्तिक मूंगफली तेल' के टीन पाए गए, जिन्हें न्यू पाली स्थित स्वास्तिक फर्म द्वारा बिजयनगर भेजा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा दल ने इन तेल के नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए सुरक्षित किया। कुल 15-15 किलो के 30 टीन, यानी 450 किलो तेल को मौके पर ही सीज कर दिया गया। संबंधित दुकानदार को निर्देश दिए गए हैं कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने तक इस तेल का विक्रय न किया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि मौसम परिवर्तन और आगामी विवाह-त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के अगले चरण में तेल निर्माताओं, हलवाइयों, बेकरी संचालकों, दूध-दही डेयरियों तथा होटल-रेस्टोरेंट्स की सघन जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आज लिए गए नमूनों को जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।