ब्यावर शहर में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। अजमेर से जवाजा की ओर जा रहा एक बेकाबू ट्रेलर सदर थाना के सामने बने ओवरब्रिज से नीचे गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रेलर खाली था और नीचे कोई वाहन या व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। ड्राइवर सुरक्षित रहा। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर अजमेर से जवाजा की ओर जा रहा था। ओवरब्रिज पर पहुंचते ही ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू ट्रेलर ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और थाने का जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक, ट्रेलर में कोई भार नहीं होने के कारण ड्राइवर को गंभीर चोटें नहीं आईं। बाद में, हाइड्रो मशीन की मदद से ट्रेलर को सीधा कर सुरक्षित रूप से हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल के नीचे किसी के मौजूद न होने से बड़ा नुकसान टल गया। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका तकनीकी खराबी या ड्राइवर को नींद आने की जताई जा रही है। वहीं, ओवरब्रिज की टूटी रेलिंग के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।