ब्यावर में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान दल रवाना हो गए हैं। बुधवारको ब्यावर नगर परिषद और विजयनगर व मसूदा नगरपालिकाओं में मतदान होगा। तीनों नगरीय निकायों के कुल 198 मतदान केंद्रों के लिए दलों को निर्वाचन सामग्री के साथ भेजा गया। ब्यावर नगर परिषद क्षेत्र के लिए 138 मतदान दल रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना के निर्देश पर इन दलों को राजकीय कन्या महाविद्यालय से भेजा गया। यहां उन्हें जरूरी चुनाव सामग्री दी गई, प्रशिक्षण दिया गया और वाहनों का इंतजाम भी किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में ब्यावर, विजयनगर और मसूदा के कुल 198 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। ब्यावर के मतदान दल राजकीय कन्या महाविद्यालय से रवाना हुए, जबकि विजयनगर और मसूदा के दल संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों से भेजे गए। मतदान दलों की रवानगी के समय जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह और उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट मौजूद थे।