भास्कर न्यूज | वनस्थली वनस्थली विद्यापीठ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय संकाय विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘योग प्रज्ञा व कर्मशक्ति’ के चौथे दिन रि-अलाइन थीम पर विशेष सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक संरेखण, संतुलन एवं मानसिक एकाग्रता के प्रति जागरूक करना रहा। सत्र की शुरुआत योग प्रशिक्षक विनीता द्वारा स्थूल व्यायाम और रेखा गति अभ्यास से की गई। इन अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों ने शरीर की सही स्थिति, संतुलन और समन्वय को समझने एवं सुधारने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद इंजन दौड़ कराई गई, जिससे प्रतिभागियों के शरीर में ऊर्जा का संचार हुआ और सक्रियता बढ़ी। इस अवसर पर विद्यापीठ के कुलपति ईना आदित्य शास्त्री एवं सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस निदेशक प्रो. अंशुमन शास्त्री ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए योग और ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।