रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। तत्काल टिकट के लिए अब न तो लंबा इंतजार करना होगा और न ही कई देर तक लाइन में खड़ा होना होगा। इसके लिए जोधपुर मंडल ने सभी रिजर्वेशन सेंटर पर टोकन व्यवस्था लागू की है। वहीं, जोधपुर के भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर कैब बुकिंग कियोस्क लगाया जाएगा। यहां से यात्रियों को कैब सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे स्टेशन से गंतव्य तक पहुंचना और आसान हो जाएगा। इसके लिए जल्द ही ​किराया और जगह तय की जाएगी। पढ़ें रेलवे से जुड़ी दो खबरें, जो यात्रियों को देगी राहत… पहली खबर: तत्काल टिकट के लिए नई व्यवस्था लागू दरअसल, तत्काल टिकट के लिए लोगों को काफी इंतजार करना पड़ता था। यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने सभी रिजर्वेशन सेंटर पर ये व्यवस्था लागू की है। इसके तहत तत्काल टिकट बुक करवाने से पहले टोकन मिलेगा। इसी टोकन के आधार पर टिकट बुकिंग होगी। इसके साथ ही जोधपुर रिजर्वेशन ऑफिस में काउंटर की भी संख्या को बढ़ा दिया गया है। सुबह 8 बजे मिलेंगे टोकन, इसी से होगी तत्काल टिकट की बुकिंग उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि नई व्यवस्था लागू करने का उद्देश्य है कि तत्काल टिकट बुकिंग को ट्रांसपेरेंट और व्यवस्थित बनाया जाए। इसके लिए हर दिन सुबह 8 बजे टोकन मिलना शुरू हो जाएंगे। इन्हीं टोकन के आधार पर यात्रियों की टिकट बुकिंग भी होगी। इसके साथ ही जोधपुर रिजर्वेशन ऑफिस में भी तत्काल टिकट के काउंटर की संख्या को बढ़ाकर 3 से 6 कर दिया गया है। ऐसे में पहले के मुकाबले दोगुनी क्षमता के साथ तत्काल टिकटों की बुकिंग भी होगी और यात्रियों को लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। दूसरी खबर: भगत की कोठी स्टेशन पर मिलेगी कैब बुकिंग सुविधा वहीं दूसरी तरफ जोधपुर मंडल के भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए कैब बुकिंग कियोस्क स्थापित किया जाएगा। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इस नवाचार से यात्रियों को स्टेशन के बाहर निकलते ही कुछ ही मिनटों में कैब बुक हो जाएगी। कियोस्क से शहर के किसी भी कोने में कर सकेंगे कैब बुक सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत यात्री कुछ ही मिनटों में शहर के किसी भी इलाके के लिए कैब बुक कर सकेंगे। बताया जा रहा है कि इसके लिए जल्द ही किराया और स्टेशन के बाहर जगह तय की जाएगी। दरअसल, भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री आते है। इसके अलावा टूरिस्ट की संख्या भी काफी रहती है। ऐसे में स्टेशन से उतरते ही उन्हें कैब बुकिंग की सुविधाा मिलेगी, जिससे समय भी बचेगा।