भास्कर न्यूज |महमदपुर मुंडिया में पिछले कई दिनों से चल रही श्रीमद भागवत कथा का आज भव्य समापन होगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के करीब 51 गांवों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा के अंतिम दिन सुबह से ही गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसर और कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है। भंडारे के लिए छाया, पानी, बैठने और प्रसादी वितरण की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सैकड़ों स्वयंसेवक विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। अंतिम दिन कथावाचक ने सुदामा चरित्र का भावुक वर्णन किया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की सच्ची मित्रता, त्याग और निस्वार्थ प्रेम का संदेश दिया गया। पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित होंगे, जिनमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।