झालावाड़ में भारत विकास परिषद की झालारानी शाखा बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देगी। रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित एक निजी स्कूल में सोमवार को यह शिविर समारोहपूर्वक शुरू हुआ। शाखा अध्यक्षा अर्चना मालपानी ने बताया कि कृष्णा वर्मा एक बार फिर बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और जागरूक करने का प्रशिक्षण देंगी। यह शिविर छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाने, खतरे को भांपने और खतरनाक परिस्थितियों में अपना बचाव करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में छात्राओं को मानसिक मजबूती, कानूनी जानकारी और प्राथमिक चिकित्सा जैसी महत्वपूर्ण बातें सिखाई जाएंगी। वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें स्कूल की प्रिंसिपल जेसमीन मेम, वाइस प्रिंसिपल शिवकुमारी और कृष्णा वर्मा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष अर्चना मालपानी ने कहा कि शाखा द्वारा बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में शशि अग्रवाल, रानी माहेश्वरी, स्नेहा खंडेलवाल, मनोचिकित्सक डॉ. रश्मि गुप्ता, नम्रता गॉड, निर्मला सोमानी और कृष्णा वर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। भवानी नाट्यशाला के स्थापना दिवस पर होंगे दो दिन कार्यक्रम झालावाड़ की ऐतिहासिक धरोहर भवानी नाटयशाला के 16 जुलाई गुरुवार को 105वें स्थापना दिवस पर पर्यटन विकास समिति झालावाड़ द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम 15 और 16 जुलाई को आयोजित किया जाएगा l पर्यटन विकास समिति के संयोजक ओम पाठक ने बताया कि भवानी नाट्यशाला के स्थापना दिवस 16 जुलाई को दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत 15 जुलाई को प्रातः 8:30 बजे मूर्ति चौराहा, जयराज पार्क में स्थित भवानी नाट्यशाला के निर्माता महाराज राणा भवानी सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ भवानीनाटय शाला के स्थापना दिवस कार्यक्रम का आगाज होगा l मुख्य कार्यक्रम 16 जुलाई गुरुवार को भवानी नाटय शाला के स्थापना दिवस पर प्रातः 10 बजे भवानी नाटय शाला परिसर में एक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी l इस गोष्ठी में समिति के उपाध्यक्ष व इतिहासकार ललित शर्मा भवानी नाट्यशाला के ऐतिहासिक महत्व पर पत्र वाचन करेंगे l सभी कार्यक्रमों में समिति के पदाधिकारी सदस्य और शहर के गण मान्य नागरिक भी भाग लेंगे।