भरतपुर में सरपंच प्रत्याशी के पति पर युवक ने फायरिंग कर दी। आरोपी ने गांव में वोट मांगने से मना किया था। सरपंच प्रत्याशी के पति ने कारण पूछा तो गुस्से में वहां से चला गया। 10 मिनट बाद आया और उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलते ही सरपंच प्रत्याशी पति यशपाल नीचे झुक गए जिससे उनकी जान बच गई। एक गोली दुकान के शटर पर लगी, जबकि दूसरी दुकान का शीशा तोड़ते हुए अंदर लगे बिजली के मीटर में जा लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। मामला रुदावल थाना क्षेत्र का सुबह 10 बजे का है। यशपाल के पिता भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हैं। पहले भी हवाई फायरिंग करने का आरोप सूपा गांव निवासी यशपाल सिंह ने बताया- हरनगर निवासी गौरव ने 21 अक्टूबर को अपने गांव में हवाई फायरिंग की थी। यशपाल के अनुसार, उस दौरान गौरव कह रहा था कि वह किसी भी प्रत्याशी को गांव में घुसने और चुनाव प्रचार नहीं करने देगा। यशपाल ने बताया- शुक्रवार सुबह गौरव मुझे मेरे ऑफिस के पास मिला तो मैंने गौरव से 21 अक्टूबर को गाली-गलौज करने का कारण पूछा। इसके बाद गौरव वहां से चला गया। करीब 10 मिनट बाद मैं अपने ऑफिस के बाहर खड़ा था, तभी गौरव वहां पहुंचा और उसने मेरे ऊपर दो राउंड फायर कर दिए। मैंने नीचे बैठकर अपनी जान बचाई। एक गोली दुकान के शटर पर लगी, जबकि दूसरी गोली दुकान का शीशा तोड़कर अंदर लगे बिजली के मीटर में जा लगी। फाइनेंस ऑफिस के बाहर हुई घटना यशपाल की खेरिया मोड़ पर दुकानें हैं, जिन्हें उसने किराए पर दे रखा है। घटना के समय वह दुकानों के बाहर खड़ा था। फायरिंग करने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। इसके बाद यशपाल ने रुदावल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आरोपी गौरव की तलाश की जा रही है। पंचायत चुनाव लड़ रही हैं पत्नी यशपाल के अनुसार, उसकी पत्नी रवीना पाली डांग ग्राम पंचायत से चुनाव लड़ रही है। इस ग्राम पंचायत में सूपा और हरनगर गांव आते हैं। यशपाल ने आरोप लगाया कि चुनाव को लेकर गौरव उनसे रंजिश रखता है और इसी के चलते उस पर फायरिंग की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर