भरतपुर में विवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। पीहर वालों ने हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। यह भी कहा है कि दहेज के लिए सास और ननद ताने मारती थी। घटना जिले के रूपवास थाना इलाके के कारई गांव में रविवार को हुई। विवाहिता के पिता शंकर सिंह सैंपऊ (भरतपुर) के गढ़ी लज्जा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने सैंपऊ थाने में सोमवार को FIR दर्ज कराई। हैसियत के हिसाब से दहेज दिया था FIR में शंकर सिंह ने बताया- बेटी प्रिया की शादी तीन साल पहले 22 फरवरी 2023 को रूपवास थाना इलाके के गांव कारई निवासी प्रशांत के साथ की थी। अपनी हैसियत के अनुसार शादी में दहेज दिया था। प्रिया के ससुराल वालों ने कुछ महीने तो ठीक रखा। इसके बाद सास गुड्डी और ननद ज्योति दहेज के लिए ताने मारने लगे। प्रशांत भी बेटी से दहेज की डिमांड करने लगा। इस बारे में प्रिया ने बताया तो हम उसके ससुराल पहुंचे और उन लोगों को समझाया। इसके बाद भी वे लगातार प्रिया को परेशान करते रहे। मारकर फंदे से लटका दिया शंकर सिंह ने बताया- रविवार को ससुराल वालों ने प्रिया के साथ मारपीट की। बेटी ने फोन करके मुझे इस बारे में बताया। बातचीत के दौरान ही फोन कट गया। मैंने कॉल किया लेकिन किसी ने उठाया नहीं। फिर स्विच्ड ऑफ आने लगा। मैं तुरंत सैंपऊ थाने पहुंचा और पुलिस को लेकर प्रिया के ससुराल पहुंच गया। वहां एक कमरे में मेरी बेटी प्रिया का शव फंदे से लटका मिला। उन लोगों ने मेरी बेटी को मारकर फंदे से लटका दिया। पोस्टमॉर्टम कर शव सौंपा पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया और हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव पीहर पक्ष को सौंप दिया गया।