भरतपुर शहर के जवाहर नगर स्थित गर्ग मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित व नशीली दवाएं बेचे जाने की सूचना पर मथुरा गेट थाना पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने छापेमारी की। हालांकि, जांच के बाद दुकान से कोई भी संदिग्ध या प्रतिबंधित दवा बरामद नहीं हुई। मथुरा गेट थाना अधिकारी हरलाल मीणा ने बताया कि एसपी ऑफिस में किसी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जवाहर नगर स्थित भगत सिंह चौराहे पर बने गर्ग मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाएं बेची जा रही हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम, ड्रग इंस्पेक्टर अमन के साथ मौके पर पहुंची और मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने दुकान में मौजूद दवाओं के स्टॉक और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकान से किसी भी प्रकार की नशीली या प्रतिबंधित दवा नहीं मिली है। थानाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है। यदि भविष्य में भी इस तरह की कोई शिकायत मिलती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।