भरतपुर में एक स्कूल के प्रिंसिपल का ट्रांसफर होने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। मामला जटमासी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। जहां स्कूल के बाहर सुबह 7 बजे प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में ग्रामीणों के साथ स्कूल के बच्चे भी शामिल रहे। बच्चों ने किसी भी टीचर को स्कूल के अंदर नहीं जाने दिया। प्रदर्शन में धूप के कारण एक बच्चे की तबीयत खराब हो गई। शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। प्रिंसिपल के ट्रांसफर को लेकर विरोध प्रदर्शन जटमासी गांव के रहने वाले पारस चौधरी ने बताया-राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जटमासी स्कूल से प्रिंसिपल नवीन लवानियां का ट्रांसफर कर दिया गया है। नवीन लवानियां के ट्रांसफर की वजह से हमारे बच्चों का भविष्य खतरे में है। हमारी मांग है कि तुरंत प्रभाव से प्रिंसिपल का ट्रांसफर रोका जाए और उन्हें इसी स्कूल में रखा जाए। प्रिंसिपल के ट्रांसफर से बच्चों का भविष्य अंधकार में चला जाएगा वहीं ग्रामीण पदम सिंह ने कहा- प्रिंसिपल का ट्रांसफर होने के कारण स्कूल की सभी व्यवस्थाएं ठप्प हो गई हैं। नवीन लवानियां का ट्रांसफर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नया गांव में कर दिया गया है। प्रिंसिपल के ट्रांसफर से बच्चों का भविष्य अंधकार में हो जाएगा। पिछले 5 से 6 साल में नवीन लवानियां ने शिक्षा का एक ढांचा तैयार किया था। उनके ट्रांसफर से वह सब ख़त्म हो गया है। इसलिए सरकार से निवेदन है कि जल्द ही उनका ट्रांसफर रोका जाए। इनपुट- दुर्गेश पाठक, रूपवास, भरतपुर