भरतपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह करीब 8 बजे चलती ट्रेन में चढ़ते समय एक व्यक्ति का पैर फिसला और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगा। प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मौजूद RPF कॉन्स्टेबल और होमगार्ड जवान ने दौड़कर उसे खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना मरुधर एक्सप्रेस के रवाना होते समय हुई। चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला हाथ RPF के प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मरुधर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय तक खड़ी थी। ट्रेन के रुकने के दौरान एक व्यक्ति चाय लेने के लिए नीचे उतर गया था। जैसे ही ट्रेन ने प्लेटफॉर्म से चलना शुरू किया, वह जल्दी में वापस कोच B-2 की ओर दौड़ा और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसने गेट का हैंडल पकड़कर चढ़ना चाहा, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और उसका हाथ फिसल गया। हैंडल छूटते ही वह जोर से प्लेटफॉर्म पर गिर गया। गिरते ही उसका शरीर फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने संकरे गैप की तरफ खिसकने लगा। उसका आधा शरीर प्लेटफॉर्म पर था, जबकि पैर और शरीर का निचला हिस्सा ट्रेन की ओर जा रहा था। ट्रेन लगातार आगे बढ़ रही थी। ऐसे में जरा सी देरी उसे सीधे नीचे खींच सकती थी। मौके पर मौजूद RPF कॉन्स्टेबल और होमगार्ड ने तुरंत दौड़ लगाई। दोनों झुककर गैप के बिल्कुल किनारे तक पहुंचे। उन्होंने पहले उसके हाथ पकड़े, दोनों जवानों को अपना संतुलन बनाए रखते हुए पूरी ताकत के साथ व्यक्ति को ऊपर से खींचा, फिर दूसरे ने नीचे झुककर शरीर को पकड़कर सहारा दिया। पत्नी के साथ जयपुर जा रहा था व्यक्ति ट्रेन वाराणसी से आ रही थी और, जोधपुर जा रही थी। व्यक्ति से जब पूछताछ की गई तो, उसने अपना नाम मनोज कुमार निवासी झुंझुनू होना बताया। मनोज ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ लखनऊ से जयपुर जा रहे थे। ट्रेन जैसे ही भरतपुर प्लेटफॉर्म पर रुकी तो, वह चाय लेने के लिए ट्रेन से उतरे थे। इतने में ट्रेन चल गई इसलिए वह चलती हुई ट्रेन में चढ़े थे।