झुंझुनूं के एक खेत में 11केवी की लाइन टूटने 10 बीघा गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। आग खेत में फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इधर, आग पर काबू पाने के लिए किसान खेत में ट्रैक्टर लेकर दौड़े। मामला जिले के सूरजगढ़ के भवठड़ी गांव का है। इधर, खेत में फैलती आग को देखकर आस-पास मौजूद दूसरे किसान झाड़ियां लेकर दौड़े ताकि उस पर काबू पाया जा सके। 35 बीघा खेत में कटाई के लिए तैयार थी गेहूं की फसल जानकारी के अनुसार गांव के किसान अनिल काजला के करीब 35 बीघा खेत में गेहूं की पकी-पकाई फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी थी। अचानक खेत के ऊपर से गुजर रहा 11 केवी का तार टूटकर फसल पर गिर गया। देखते ही देखते आग पूरे खेत में फैल गए। आग की लपटों को देख आस-पास के किसान भी अनिल के खेत में पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं कुछ किसान पानी का टैंकर लेकर आए और आग पर जैसे-तैसे काबू पाया। बिजली विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र होकर पावर हाउस पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइनें काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं।बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग ने लाइनों को दुरुस्त नहीं किया। किसानों का कहना था कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण किसान की साल भर की मेहनत बर्बाद हो गई। इस दौरान ग्रामीणों ने मांग रखी कि पीड़ित किसान अनिल काजला को फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही सभी लाइनों को सही किया जाए।