भीलवाड़ा में मां भारती ग्रुप द्वारा आज निशुल्क पानी की टंकियां एवं गौ ग्रास पात्र का वितरण किया गया। महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के सानिध्य एवं संगठन की अध्यक्ष अलका जोशी की अध्यक्षता में संकटमोचन हनुमान मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में संगठन द्वारा 105 पानी की सीमेंटेड टंकियां एवं 25 गौ ग्रास पात्र का वितरण किया गया।पानी की टंकी एवं गौ ग्रास पात्र पाने के लिए जीव दया प्रेमी वहां पहुंचे थे। पानी की टंकी लेने वाले नियमित पानी भरेंगे संगठन की अध्यक्ष अलका जोशी ने बताया कि पानी की टंकियां घरों के बाहर छायादार स्थान पर रखी जाएगी ताकि प्यासे पशु उनसे अपनी प्यास बुझा सके। इसी तरह गौग्रास पात्र के माध्यम से गौवंश की सेवा हो सकेगी।पानी की टंकी लेने वाले लोगों को संकल्प कराया गया कि वह इनमें नियमित पानी भरेंगे ताकि गर्मी में प्यासे पशु अपनी प्यास बुझा सके। टंकी और गौ ग्रास पात्र वितरण जीवदया से ओतप्रोत महामंडलेश्वर बाबूगिरी ने सभी को आशीर्वाद प्रदान करते हुए इस तरह की पहल को जीव दया की भावना से ओतप्रोत बताया। इस अवसर पर समाजसेवी रजनीकांत आचार्य, जगदीश वैष्णव, कैलाश नुवाल, हनुमान अग्रवाल, गोपीचंद पाटोदिया, रमेश बंसल, राजेश कुदाल, रोहित गगरानी, ओमप्रकाश लड्ढा, राजेश सोनी, संजय प्रताप सिंह, कन्हैयालाल स्वर्णकार, कैलाश जैन मां भारती ग्रुप की मंजू तंबोली, छनना तंबोली, बिंदाबली, उषा सक्सेना, संतोष नुवाल, विमला वैष्णव आदि ने मौजूद रहकर वितरण कार्य में सहयोग किया।