भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में प्रसूताओं की मौत के मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा शहर ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घटनाओं पर चिंता और नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग उठाई। विरोध प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। स्टेशन चौराहे से निकाली रैली विरोध प्रदर्शन के तहत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से रैली निकाली गई, जो जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रसूताओं की मौत की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। इसके साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई, मृतक परिवारों को न्याय और उचित सहायता देने तथा हॉस्पिटल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में तुरंत सुधार करने की मांग भी रखी गई। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष भी रहीं मौजूद प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं हों। प्रदेश स्तर पर आंदोलन की चेतावनी सारिका चौधरी ने कहा कि यदि सरकार इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल भीलवाड़ा तक सीमित नहीं है और महिलाओं की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा हुआ है। एक सप्ताह में पांच महिलाओं की मौत पर उठे सवाल भीलवाड़ा शहर कांग्रेस अध्यक्ष जीपी खटीक ने कहा कि महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एक सप्ताह के भीतर पांच महिलाओं की मौत होने से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार और हॉस्पिटल प्रबंधन की लापरवाही का परिणाम है। कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी बनाने की मांग की है। इसके साथ ही शहर के सभी सरकारी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने की मांग भी की गई।