भीलवाड़ा में जलिंद्री ग्राम पंचायत के अमरपुरा गांव में सोमवार देर रात बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने पहले महिला के दोनों बेटों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि वे बीच-बचाव नहीं कर सकें। इसके बाद महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके गले से करीब एक तोला वजनी रामनामी और कानों के टॉप्स लूट लिए। टॉप्स खींचने से महिला के दोनों कान कट गए और गले पर भी गंभीर चोटें आईं। बेटों के कमरे बाहर से बंद किए मामला काछोला थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव का है। बीती रात अमरपुरा निवासी नंदू देवी (55) पत्नी रामलाल मीणा घर के बरामदे में सो रही थीं। रात करीब दो बजे दो बाइकों पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाश घर में घुस गए।वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने महिला के दोनों बेटों सत्यनारायण मीणा और वैद्यराज के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। दो बदमाशों ने पकड़ा तीसरे ने गहने लूटे इसके बाद डॉट बदमाशों ने महिला को पीछे से पकड़ लिया, जबकि तीसरे बदमाश ने उसके गले से रामनामी और कानों के टॉप्स छीनने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन आभूषण खींच लिए। इस दौरान टॉप्स खींचने से महिला के दोनों कान फट गए और गले पर भी गहरी खरोंचें आ गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। कुंडी लगी थी इसलिए बाहर नहीं आ सके बेटे पीड़िता के पुत्र सत्यनारायण मीणा ने बताया कि देर रात अचानक मां के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह और उसका भाई वैद्यराज कमरे से बाहर निकलने लगे, लेकिन दरवाजे की बाहर से कुंडी लगी होने के कारण बाहर नहीं आ सके। काफी प्रयास के बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घायल महिला को तत्काल नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही काछोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच कर रही है। तीन दिन में दूसरी वारदात, ग्रामीणों में रोष पूर्व सरपंच विजय तिवारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में पंचायत समिति क्षेत्र में महिलाओं के साथ घर में घुसकर लूट की यह दूसरी घटना है। इससे पहले बिजोलिया थाना क्षेत्र के राणाजी का गुड्डा गांव में भी इसी तरह महिला से लूटपाट की वारदात हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।