भीलवाड़ा के इरांस गांव में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अलमारी में रखे करीब 10 तोला सोने के जेवरात, 2 किलो चांदी और 4 हजार रुपए कैश चुरा लिए। वारदात के समय परिवार के सदस्य खेत पर गए हुए थे। इस दौरान सूना मकान देखकर बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मामला गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के इरांस गांव का है। गांव में रहने वाला नारायण जाट सुबह अपने परिवार के साथ गांव से कुछ दूरी पर स्थित खेत पर गया हुआ था। उसके पिता पास में ही किसी से मिलने गए थे। इसी दौरान सूना मकान देखकर बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कुछ देर बाद जब नारायण के पिता घर की ओर आने लगे तो चोर उन्हें आता देखकर बाइक लेकर भाग गए। घर से सोने-चांदी के गहने और कैश चुराए नारायण के पिता ने उसे घर में चोरी होने की जानकारी दी। घर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि चोर मेन गेट से अंदर घुसे और कमरे में रखी अलमारी से करीब 10 तोला सोने के गहने, 2 किलो चांदी के जेवरात और 4 हजार रुपए कैश चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच नारायण ने गुलाबपुरा थाने में चोरी की सूचना दी। वारदात का पता चलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और घटना को लेकर रोष जताया। सूचना पर गुलाबपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।