भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र की गुढ़ा ग्राम पंचायत में पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद चुनावी रंजिश का मामला सामने आया है। रविवार को नवनिर्वाचित सरपंच अख्तरी के बेटे जुबेर की कार पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। घटना के समय जुबेर कार में थे। पत्थर लगने से कार के फ्रंट और साइड के शीशे टूट गए और जुबेर की आंख पर मामूली चोट आई। सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार पर पथराव, शीशे टूटे जानकारी के अनुसार, सरपंच अख्तरी के बेटे जुबेर अपनी जोधपुर नंबर की कार से सरकारी स्कूल की ओर गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी कार पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से कार का फ्रंट और साइड ग्लास टूट गया। इस दौरान कार में बैठे जुबेर की आंख पर चोट आई। उन्हें इलाज के लिए मांडल अस्पताल ले जाया गया। उपसरपंच प्रत्याशी के नाम को लेकर विवाद की चर्चा बताया जा रहा है कि उपसरपंच प्रत्याशी के नाम को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद कुछ लोगों ने जुबेर की कार पर पथराव कर दिया। हालांकि, घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर फायरिंग की अफवाहें फैलीं घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में सरपंच समर्थक और अन्य लोग इकट्ठा हो गए। सोशल मीडिया पर फायरिंग सहित कई तरह की अफवाहें भी फैलीं। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस जुटा रही जानकारी सूचना मिलने के बाद मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को रिपोर्ट नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।