भीलवाड़ा में पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव महापुराण कथा की पूर्व संध्या पर आज राजेन्द्र मार्ग स्कूल ग्राउंड से शाम को कलश शोभायात्रा निकाली गई। संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी के सानिध्य में निकली इस शोभायात्रा में महामंडलेश्वर और संत भी शामिल हुए। शोभायात्रा राजेन्द्र मार्ग, लक्ष्मीनारायण मंदिर मार्ग, मुरली विलास रोड, अंबेडकर सर्किल, गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र चौराहा होते हुए पेच एरिया, नेताजी सुभाष मार्केट और संकटमोचन हनुमान मंदिर से होकर वापस राजेन्द्र मार्ग स्कूल में सम्पन्न हुई। व्यापारियों ने बरसाए फूल शोभायात्रा में हजारों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर चली। जबकि पुरुष सिर पर साफा बांध सफेद कुर्ता पायजामा पहन शामिल हुए। शोभायात्रा में ढाले नगाड़ों व बैंडबाजों के साथ हाथी, घोड़े, बग्गी भी शामिल हुए। शोभायात्रा का सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी कथा बता दें कि कथा कल बुधवार से 8 से 14 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड पर होगी। आयोजन को डिस्पोजेबल मुक्त रखने का लक्ष्य रखा है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, नगर विकास न्यास और सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहयोग से व्यवस्थाएं पूरी की जा चुकी है। कथा को सुनने के लिए राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, यूपी, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र से भी श्रद्धालु भीलवाड़ा पहुंच रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम करेगी निगरानी करीब 11 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में से साढ़े चार लाख वर्ग फीट में तीन बड़े वाटरप्रूफ डोम और पाइप पांडाल बनाए गए हैं। गर्मी से बचाव के लिए कूलर-पंखे, पेयजल, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। करीब 250 अस्थायी शौचालय और चलित शौचालय भी उपलब्ध रहेंगे। सुरक्षा के लिए पुलिस के 1500 जवान भीलवाड़ा के बाहर से बुलाए गए हैं। जबकि प्राईवेट सिक्योरिटी के बाउंसर भी कथा स्थल पर तैनात रहेंगे।