भीलवाड़ा में पुलिस ने फोन चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास 13 मोबाइल और एक लैपटॉप निकला। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में चोरी के कई मामले खुल सकते हैं। मामला शहर के गांधीनगर थाने का है। गांधीनगर थाना प्रभारी आरपीएस नेहा राव ने बताया- थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी होने की की एक रिपोर्ट स्थानीय निवासी प्रियंका पाराशर ने दर्ज करवाई थी। प्रियंका ने रिपोर्ट में बताया कि उसके 2 मोबाइल और चांदी के कुछ आइटम चोरी हो गए हैं। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू की तो मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति थाना क्षेत्र में पांडु के नाले के आसपास घूम रहा है। वह मोबाइल बेचने की फिराक में है। चोरी के 13 मोबाइल और लैपटॉप बरामद इस सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम भवानी (33) पुत्र श्रवण बताया। तलाशी लेने पर मौके उसके पास 2 मोबाइल मिले। ये दोनों मोबाइल प्रियंका के थे। इसके अलावा डिटेल पूछताछ में आरोपी ने 11 और मोबाइल चोरी करना कबूल किया। पूछताछ में हो सकते हैं कुछ और खुलासे पुलिस ने आरोपी के पास से 13 मोबाइल और एक लैपटॉप भी बरामद किया। इसके अलावा चांदी के आइटम बरामद हुए हैं। आरोपी से डिटेल पूछताछ की जा रही है। कुछ और वारदात का खुलासा होने की संभावना है। आरोपी के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज हैं।