भीलवाड़ा में शुक्रवार तड़के मानसून की पहली तेज बारिश हुई। सुबह करीब 4 बजे तेज बिजली चमकने, बादलों की गड़गड़ाहट और तेज हवाओं के बाद शुरू हुई बारिश आधे घंटे से ज्यादा समय तक चली। बारिश से शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। वहीं तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और आज दोपहर बाद फिर से बारिश होने की संभावना जताई है। सुबह 4 बजे शुरू हुई तेज बारिश मौसम विभाग ने भीलवाड़ा जिले के लिए पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। गुरुवार को दिनभर बारिश नहीं हुई, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे तेज बिजली चमकी और बादलों की तेज गड़गड़ाहट से लोग नींद में ही डर गए। इसके बाद तेज हवाएं चलीं और फिर बारिश शुरू हुई, जो आधे घंटे से भी ज्यादा समय तक लगातार चलती रही। कई इलाकों में भरा पानी बारिश के बाद शहर के कई निचले हिस्सों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद शहर में कई जगह पानी भरने से नगर निगम के साफ-सफाई के दावों पर सवाल खड़े होते नजर आए। रामद्वारा रोड, रोडवेज बस स्टैंड, बीएसएनएल ऑफिस रोड, शास्त्री नगर, बडला चौराहा और पुराने भीलवाड़ा सहित कई इलाकों में बारिश रुकने के आधे घंटे से एक घंटे बाद तक भी पानी भरा रहा। नालों के बाहर छोड़ा कचरा फिर नालों में पहुंचा नगर निगम की ओर से नालों की सफाई के दौरान निकाला गया कचरा बाहर ही छोड़ दिया गया था। बारिश शुरू होने पर यही कचरा वापस नालों में चला गया, जिससे नालों के जाम होने की स्थिति बन गई। मानसून की पहली तेज बारिश लोगों को गर्मी से राहत तो दे गई, लेकिन कई जगह परेशानी भी साथ लेकर आई। सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तापमान में आई गिरावट मौसम विभाग के अनुसार बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। शुक्रवार को भीलवाड़ा का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। आज फिर बारिश का अनुमान, ऑरेंज अलर्ट जारी मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। आने वाले सप्ताह में भी लगातार बारिश होने की संभावना है। विभाग ने शुक्रवार के लिए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जिले में तेज बादल गरज सकते हैं। हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके साथ तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और तेज बारिश का अलर्ट जारी है।