भीलवाड़ा के सतलियास क्षेत्र में हॉकर के साथ मारपीट करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। मामला गंगापुर थाना क्षेत्र के सातलियास गांव का है। यहां अखबार वितरण का काम करने वाले गोपाल लाल जोशी पुत्र भेरुलाल जोशी सोमवार की सुबह अखबार वितरण के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सांवरिया मंदिर के पास एक काले रंग की कार में आए लोगों ने गोपाल का रास्ता रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लकड़ी कर डंडे से मारपीट की। उपखंड अधिकारी से कार्रवाई की मांग युवक के परिचितों ने जानकारी मिलते ही प्रदर्शन किया और प्रशासन से मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने उपखंड अधिकारी से शिकायत कर घटना की जांच करवाने ओर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन देने पहुंचे पूर्व सरपंच प्रतिनिधि कमलेश चौधरी ने बताया कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इनकी रही मौजूदगी ज्ञापन देने आए लोगों में पूर्व सरपंच सुरेश बैरवा, मांगीलाल शर्मा, समर सिंह, कमलेश वैष्णव, नाथू सिंह, नारायण लाल लोहार, भेरूलाल पुरबिया, सुरेंद्र सिंह, बद्रीलाल जाट, अमर सिंह, कन्हैयालाल शर्मा, मनीष शर्मा और रामेश्वर लाल शर्मा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।