जालोर की आशापूर्णा कॉलोनी के निवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर परिषद आयुक्त और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) को ज्ञापन सौंपा। कॉलोनीवासियों ने सड़क, जल निकासी, सीवर और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि भीनमाल बाईपास रोड से आशापूर्णा मंदिर तक जाने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। जल निकासी बाधित होने का आरोप कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि न्यू आदर्श नगर कॉलोनी में पानी निकासी के रास्ते पर सीमेंट का अवैध जंप और ठोकर बनाए जाने से पानी का बहाव रुक रहा है। उन्होंने नगर परिषद से अवैध निर्माण हटाकर जल निकासी व्यवस्था सुचारू करने की मांग की। ठेकेदार की मौत के बाद रुका सड़क निर्माण ज्ञापन में बताया गया कि भीनमाल बाईपास से आशापूर्णा मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका था, लेकिन ठेकेदार मोहनलाल के निधन के बाद निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने, सीवर लाइन की सफाई कराने और बंद पड़ी रोड लाइटों को चालू कराने की मांग की। 10 महीने बाद भी चालू नहीं हुआ ट्रांसफॉर्मर इसके बाद कॉलोनीवासियों ने विद्युत विभाग के एसई को अलग से ज्ञापन सौंपकर बताया कि कॉलोनी में नया ट्रांसफॉर्मर लगाए हुए 8 से 10 महीने हो चुके हैं, लेकिन उसे अब तक चालू नहीं किया गया है। इसके कारण क्षेत्र में लगातार वोल्टेज का उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने ट्रांसफॉर्मर को जल्द चालू कर स्थायी समाधान करने की मांग की। इस दौरान आशापूर्णा विकास समिति के अध्यक्ष जयसिंह चम्पावत (नारनाड़ी), भवानीसिंह धांधिया, गणपतसिंह मंडलावत, नंदकिशोर जैथलिया, दामोदर भूतड़ा, हरिसिंह चारण, सत्यप्रकाश राठी, कमल भूतड़ा, चुन्नीलाल राजपुरोहित, हिम्मत सिंह राजपुरोहित, सुशील शारडा, भरत दवे, ज्ञानेश त्रिपाठी और अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।