जयपुर में रंगमंच से निकलकर अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता भूपेन्द्र जड़ावत जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज मटका किंग में नजर आने वाले हैं। यह क्राइम ड्रामा सीरीज 17 अप्रैल 2026 को अमेजन प्राइम पर रिलीज होगी। इस सीरीज को मशहूर फिल्म निर्देशक नागराज मंजुळे ने निर्देशित किया है। राजस्थान के कोटा शहर में पले-बढ़े भूपेन्द्र जड़ावत ने बचपन से ही अभिनय की दुनिया में कुछ अलग करने का सपना देखा था। छोटे शहर से निकलकर बड़े सपनों को साकार करना भूपेन्द्र ने अपनी जर्नी से साबित किया है। संघर्ष से मिली पहचान अभिनय के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए जयपुर में रंगमंच करने के बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) में दाखिला लिया। यहां से पेशेवर प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने रंगमंच के जरिए अपने अभिनय को निखारा और धीरे-धीरे फिल्म और वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा। भूपेन्द्र का मुंबई तक का सफर संघर्षों से भरा रहा। मुंबई में शुरुआती दौर में उन्हें छोटे-छोटे रोल मिले, लेकिन अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर उन्होंने धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली। उनका मानना है कि हर कलाकार के जीवन में संघर्ष का दौर आता है, लेकिन वही दौर उसे मजबूत बनाता है। ‘मटका किंग’ में दमदार भूमिका अब भूपेन्द्र जड़ावत बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज मटका किंग में एक अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। यह सीरीज 1960 के दशक के मुंबई के अपराध जगत पर आधारित एक प्रभावशाली क्राइम ड्रामा है। कहानी एक कॉटन ट्रेडर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो “मटका” नामक सट्टेबाजी प्रणाली की शुरुआत करता है और धीरे-धीरे “मटका किंग” बन जाता है। इस सीरीज में उस दौर के अंडरवर्ल्ड, संघर्ष और महत्वाकांक्षा को बेहद रोचक अंदाज में दिखाया गया है। भूपेन्द्र इस प्रोजेक्ट में बॉलीवुड और ओटीटी के चर्चित कलाकारों विजय वर्मा, कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर और गुलशन ग्रोवर के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। दिल के करीब है यह प्रोजेक्ट अपने इस नए प्रोजेक्ट को लेकर भूपेन्द्र जड़ावत बेहद उत्साहित हैं। उनका कहना है कि कोटा जैसे शहर से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए गर्व की बात है। भूपेन्द्र ने कहा कि यह सीरीज मेरे दिल के बहुत करीब है। नागराज मंजुळे जैसे शानदार निर्देशक के साथ काम करना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को यह सीरीज जरूर पसंद आएगी। भूपेन्द्र इससे पहले बॉबी देओल के साथ क्लास ऑफ '83 (2020) में नजर आ चुके। इसमें उनके अभिनय की काफी सराहना हुई और उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड्स में नामांकन भी मिला। इसके अलावा इत्तू सी बात, मॉर्डन लव:मुम्बई, आर्या सीजन 3 और डब्बा कार्टल वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं।