उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की 28 MLC सीटों पर मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। शाम करीब 9 बजे तक की खबरों के हिसाब से भाजपा और उसके साथी दल (जदयू, शिंदे सेना, अजित पवार की एनसीपी, जेडीएस) मिलाकर करीब 16 सीटों पर आगे हैं, समाजवादी पार्टी 3 सीटों पर आगे है और जन सुराज 1 सीट पर। 4 सीटों पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं और 4 सीटों पर अभी कोई रुझान नहीं आया है। राज्यवार देखें तो उत्तर प्रदेश की 11 में से भाजपा 6, सपा 3 और निर्दलीय 1 पर आगे है, और 1 सीट का रुझान नहीं आया। बिहार की 8 में से भाजपा 4, जदयू 1, जन सुराज 1 और निर्दलीय 2 पर आगे हैं। महाराष्ट्र की 5 में से सत्ताधारी गठबंधन 3 पर और निर्दलीय 1 पर आगे है, जबकि 1 सीट का रुझान नहीं आया। कर्नाटक की 4 में से भाजपा और जेडीएस 1-1 सीट पर आगे हैं, बाकी 2 का रुझान नहीं आया। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीट पर रिजल्ट आ गए हैं। पटना सीट से राजद के डॉ. संजीव 1057 वोटों से जीत गए हैं। वहीं तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेन्द्र सिंह 600 वोटों से जीते। सारण शिक्षक सीट से बीजेपी के बागी और निर्दलीय राहुल राज ने दूसरी वरीयता में 1815 वोट से जीत दर्ज की है। वहीं दरभंगा में जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है।