बिजौलिया उपखंड क्षेत्र के माजी साहब का खेड़ा गांव में गुरुवार देर रात आबादी क्षेत्र में लेपर्ड दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। रात के समय गांव में लेपर्ड की मौजूदगी की सूचना मिलते ही लोगों ने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया। गांव के ही गोपाल धाकड़ ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद किया। रात 11:30 बजे श्मशान घाट के पास दिखा लेपर्ड ग्रामीण गोपाल धाकड़ ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब 11:30 बजे डंपर लेकर गांव पहुंचा था। इसी दौरान श्मशान घाट के पास खजूर के पेड़ के पीछे एक लेपर्ड घात लगाए बैठा दिखाई दिया। वाहन की रोशनी पड़ते ही लेपर्ड कुछ देर वहीं रुका और बाद में पास के खेतों की ओर चला गया। आबादी के पास पहुंचने से बढ़ी चिंता गांव की आबादी के बिल्कुल नजदीक लेपर्ड के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात के समय बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद ग्रामीण पूरी रात सतर्क रहे और एक-दूसरे को इसकी सूचना देते रहे। वन विभाग से रेस्क्यू की मांग ग्रामीणों का अनुमान है कि लेपर्ड फूला सती की धार के वन क्षेत्र से भटककर गांव तक पहुंचा होगा। उन्होंने वन विभाग से मौके पर टीम भेजने, क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाने और लेपर्ड का जल्द रेस्क्यू करने की मांग की है।