कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री के खिलाफ पैदल मार्च निकाल कर विरोध करने जुटे कांग्रेसियों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से सभा में अफरा तफरी मच गई, कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता सभास्थल से भागने लगे। किसी ने गमछे का सहारा लिया तो कोई मधुमक्खियां भगाने के लिए पेड़ की डाली तोड़ लाया। इस दौरान एक कार्यकर्ता शर्ट में मुंह डाल कर वहां से निकलते नजर आया। मामला बीकानेर के गांधी मैदान का बुधवार दोपहर 1 बजे का है। यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल के एक विवादित बयान के खिलाफ नोखा और बीकानेर से दिवंगत रामेश्वर डूडी के समर्थक इकट्ठा हुए थे। इसमें कांग्रेस नेता भंवर कूकणा मौजूद थे। 5 तस्वीरों में देखिए मधुमक्खियों का हमला… 1. भगदड़ मची 2. रेलिंग कूद सड़क पर आए 3. दूसरी तरफ लगाई दौड़ 4. डालियां तोड़ किया बचाव 5. मुंह शर्ट में छिपाया अब पढ़िए मौके पर क्या हुआ बीकानेर के कांग्रेस नेता भंवर कूकणा की अगुवाई में नोखा और बीकानेर से कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी मैदान में इकट्ठा हुए थे। गांधी मैदान से पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल के खिलाफ विरोध मार्च निकाला जाना था। मैदान में करीब 500 कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे, अचानक 1 बजे मार्च शुरू होने से पहले मैदान में मधुमक्खी का छत्ता उड़ गया। इससे मौके पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कांग्रेस नेता भंवर कूकणा भी इस हमले की चपेट में आए। बताया जा रहा है कि आसपास के गांवों और नोखा क्षेत्र से बड़ी संख्या में डूडी समर्थक इस प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। घटना के बाद कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। आपत्तिजनक बयान पर गुस्सा थे कार्यकर्ता जानकारी के अनुसार, एक गांव में जागरण के दौरान हुई अनौपचारिक बातचीत का एक वीडियो सामने आया था। इसमें गोविंद मेघवाल कांग्रेस की चुनावी हार का जिक्र कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने रामेश्वर डूडी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और कहा कि थोड़ा सहयोग मिलता तो जीत संभव थी। साथ ही उन्होंने अपनी हार के लिए पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला को भी जिम्मेदार ठहराया। मेघवाल बोले- वीडियो बनाकर शेयर करना अनुशासनहीनता है विवाद बढ़ने पर गोविंद मेघवाल ने सफाई देते हुए इसे अपने खिलाफ साजिश बताया। मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह के वीडियो से दबाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में पंचायत चुनाव हैं, ऐसे में भाजपा स्थानीय स्तर पर समीकरण बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। ये अनुशासनहीनता है, इनसे बचना चाहिए। वीडियो : अलंकार गोस्वामी, बीकानेर