श्रीगंगानगर सहित पूरे प्रदेश में नौतपा तो 25 मई से शुरू होगा, लेकिन इससे पहले ही तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की तैयारी में है। अप्रैल में ही जेठ जैसी तपिश महसूस होने लगी है और दोपहर में मुख्य सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है। आज और कल 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 अप्रैल के बीच प्रदेश में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन हवाओं के साथ धूल उड़ने से दृश्यता प्रभावित होगी और लू जैसे हालात बन सकते हैं। रातें भी हुई गर्म, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज बीकानेर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात के समय भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार त्वचा में जलन और सूखापन बढ़ने की संभावना है। बढ़ी बिजली-पानी की खपत, प्रशासन सतर्क गर्मी बढ़ने के साथ शहर में बिजली और पानी की खपत में तेजी आई है। प्रशासन इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) के जरिए अंतिम छोर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा है ताकि दूरदराज क्षेत्रों में पानी की कमी न हो। दोपहर में बाजारों में सन्नाटा तेज गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिख रहा है। दोपहर 1 बजे के बाद मुख्य बाजारों में सन्नाटा पसरने लगता है और लोग जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। नौतपा में 48 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार 25 मई से सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ नौतपा शुरू होगा, जो 2 जून तक चलेगा। इस दौरान तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मान्यता है कि नौतपा जितना तीखा होता है, मानसून उतना ही बेहतर माना जाता है।